करंट की चपेट में आने से किशोरी की मौत

प्रतापगढ़। रानीगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनवारपुर के मजरा तिवारीपुर में करंट की चपेट में आने से एक किशोरी की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।


उक्त गांव निवासी दिनेश गुप्ता की 13 वर्षीय पुत्री नेहा रविवार को घर के बाहर घरेलू बर्तन साफ कर रही थी। अचानक बिजली आई तो उसे कुछ काम याद आ गया। वह बर्तन छोड़ प्लग लगाने दौड़ पड़ी। इसी दौरान पता नहीं कैसे वह करंट की चपेट में आ गई। उसकी चीख सुन घर और आसपास के लोग दौड़े। मगर जब तक लोग करंट डिस्कनेक्ट कर उसे बचाते तब तक वह काफी झुलस चुकी थी। आनन-फानन परिजन उसे चिकित्सक के पास ले गए लेकिन उसने मृत घोषित कर दिया। बताते हैं कि अगर करंट जल्दी न डिस्कनेक्ट हो गया होता तो उसे बचाने दौड़ी उसकी मां भी चपेट में आ जाती। घटना से मां समेत परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। बता दें कि उक्त गांव में की जा रही विद्युत आपूर्ति का न्यूट्रल फेस (अर्थिंग) विद्युतकर्मियों ने काट रखी है। मजबूरी में लोग कृत्रिम न्यूट्रल से काम चला रहे हैं। इससे किसी-किसी समय 460-480 तक वोल्टेज की आपूर्ति शुरू हो जाती है। यही गांव में अक्सर दुर्घटना का कारण बन रही है। दो महीने पहले भी इसी गांव के मां-बेटे करंट की चपेट में आने से मरते-मरते बचे थे।